यूपी-दिल्ली समेत कई राज्यो में ठंड और कोहरे के बीच बंद हुए स्कूल, जानिए कब होगी विंटर वेकेशन

दिल्ली। यूपी, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, उत्तराखंड, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, झारखंड जैसे उत्तर भारतीय राज्यों में सर्दी कहर ढा रही है। उत्तर भारत के कुछ राज्यों में तापमान में गिरावट के साथ ही कोहरा भी नए रिकॉर्ड बना रहा है। इस स्थिति में बच्चों को ठंड से बचाने के लिए विंटर वेकेशन की घोषणा कर दी गई है।

सर्दी की दस्तक होते ही सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों की परेशानी बढ़ जाती है। ऐसे में विभिन्न राज्यों की सरकारों ने अपने यहां विंटर वेकेशन यानी सर्दी की छुट्टियां घोषित कर दी हैं। तापमान का हाल देखते हुए प्रशासन को भी अपने स्तर पर फैसले लेने की इजाजत होती है।

दिल्ली स्कूल विंटर वेकेशन 2023

इस साल दिल्ली में विंटर वेकेशन को दो भागों में बांट दिया गया है। नवंबर में प्रदूषण का बुरा हाल देखते हुए दिल्ली के सभी स्कूलों को 09 से 18 तारीख तक के लिए बंद कर दिया गया था। इस ब्रेक को विंटर वेकेशन में शामिल करने का आदेश था। दिल्ली के स्कूल 01 जनवरी 2024 से 06 जनवरी 2024 तक बंद रहेंगे।

यूपी स्कूल विंटर वेकेशन 2023

उत्तर प्रदेश में स्कूलों की छुट्टी का आदेश दिया जा चुका है। यहां बच्चों को करीब 15 दिनों की विंटर वेकेशन मिलेगी। उत्तर प्रदेश में 31 दिसंबर 2023 से 14 जनवरी 2024 तक स्कूल बंद रहेंगे।

हरियाणा स्कूल विंटर वेकेशन 2023

हरियाणा में भी तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। साथ ही घने कोहरे की चादर भी बिछने लगी है। हरियाणा में सर्दी के हालात देखते हुए सभी स्कूल 01 जनवरी 2024 से 15 जनवरी 2024 तक बंद रहेंगे।

पंजाब स्कूल विंटर वेकेशन

पंजाब में इस साल सर्दी की छुट्टियों में कटौती की जा रही है। पंजाब सरकार के अभी तक के आदेश के मुताबिक, पंजाब में सभी स्कूल 24 दिसंबर से 31 दिसंबर 2023 तक बंद रहेंगे। यहां स्कूल 01 जनवरी 2024 से खोले जाएंगे।

राजस्थान स्कूल विंटर वेकेशन

राजस्थान में 25 दिसंबर यानी क्रिसमस 2023 से विंटर वेकेशन की शुरुआत हो चुकी है। राजस्थान के स्कूल 25 दिसंबर 2023 से 05 जनवरी 2024 तक बंद रहेंगे, हालांकि, अगर इसके बाद भी तापमान में गिरावट दर्ज की जाती है तो स्कूलों की छुट्टी को आगे भी बढ़ाया जा सकता है।

झारखंड स्कूल विंटर वेकेशन 2023

झारखंड में विंटर वेकेशन 2023 का ऐलान किया जा चुका है। झारखंड के स्कूल आज यानी 26 दिसंबर 2023 से बंद किए जा चुके हैं, इस राज्य में 31 दिसंबर 2023 तक विंटर वेकेशन रहेगी।