नौकरी दिलाने के नाम पर 20 महिलाओं के साथ सामूहिक दुष्कर्म, फिर वीडियो बनाकर किया ब्लैकमेल

राजस्थान के सिरोही से शर्मसार करने वाली खबर सामने आई है। यहां सिरोही नगर परिषद के पूर्व आयुक्त और अध्यक्ष पर लगभग 20 महिलाओं के साथ सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगा है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल जांच चल रही है।

राजस्थान के सिरोही में करीब 20 महिलाओं से सामूहिक दुष्कर्म के बाद सिरोही नगर परिषद के पूर्व आयुक्त और अध्यक्ष के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। दोनों लोगों पर आंगनवाड़ी में नौकरी दिलाने के नाम पर करीब 20 महिलाओं से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगा है।

यह घटना तब सामने आई जब पाली जिले की एक महिला ने पुलिस से संपर्क किया और आरोप लगाया कि आरोपी ने उसे और लगभग 20 अन्य महिलाओं को नौकरी दिलाने का लालच दिया था। महिला ने यह भी दावा किया कि आरोपियों ने उनका वीडियो बना लिया हैं।

शिकायतकर्ता के अनुसार, वह महिलाओं के साथ कई महीने पहले आंगनवाड़ी में काम करने के लिए सिरोही गई थी। वहीं पर उनकी मुलाकात आरोपियों से हुई। उन्होंने महिलाओं को रहने के लिए घर और भोजन की व्यवस्था की। महिला ने आगे कहा कि खाने में नशीला पदार्थ मिला था। इसके बाद उनके साथ कुकर्म किया गया।

होश में आने पर उन्होंने आरोपियों से सवाल किया। आरोपियों ने उन्हें धोखा देने की बात स्वीकार की। उन्होंने महिलाओं की मांग को पूरा करने के लिए कथित तौर पर उनके साथ शारीरिक संबंध बनाने के लिए भी मजबूर किया। फिलहाल राजस्थान हाईकोर्ट ने आठ महिलाओं की याचिका के बाद मामला दर्ज करने का आदेश दिया है, आगे की जांच की जा रही है।