UP Weather Update: यूपी में शीतलहर का प्रकोप, कई जिलों में घने कोहरे का अलर्ट, अगले दो दिन ऐसा रहेगा मौसम

UP Weather Update: यूपी में शीतलहर का प्रकोप, कई जिलों में घने कोहरे का अलर्ट, अगले दो दिन ऐसा रहेगा मौसम

UP Weather Update: यूपी सहित देश के कई राज्यों में सर्दी का सितम जारी है। उत्तर प्रदेश, हरियाणा, नई दिल्ली, पंजाब शीतलहर की चपेट में हैं। आंचलिक मौसम विज्ञान केन्द्र के मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह के अनुसार रविवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश में एक या दो स्थानों पर शीतलहर का प्रकोप रहेगा।

उसके बाद इस अंचल में मौसम बदलेगा और राहत मिलेगी। लखनऊ में दो दिन मौसम ऐसा ही रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को आगरा, अलीगढ़, बागपत, बरेली, कानपुर नगर, मथुरा, मेरठ तथा आसपास के इलाकों में शीतलहर की सम्भावना है। अम्बेडकरनगर, अमेठी, अयोध्या और आसपास के इलाकों में घना कोहरा छाया रहने की यलो वार्निंग है।

यूपी में शुक्रवार की रात मुजफ्फरनगर में पारा 2.8 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया। वहीं कानपुर, बरेली, अयोध्या, प्रयागराज, कानपुर, लखनऊ मण्डलों में दिन का तापमान सामान्य से कम रहा। लखनऊ में अधिकतम पारा सामान्य से 3.6 डिग्री कम 17.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं दिल्ली में शनिवार सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। सुबह के समय न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4 डिग्री कम है। हरियाणा के नरनौल में न्यूनतम तापमान तीन डिग्री और पंजाब के गुरुदासपुर में पारा 3.8 डिग्री रहा।