
बिहार के कैमूर से प्यार अंधा होता है जैसा एक मामला सामने आया है।प्रेम में पागल छह बच्चों की मां ने ऐसा कारनामा कर दिया है जिससे पूरा परिवार परेशान हो गया है। बच्चों के भविष्य पर संकट मंडरा रहा है तो पति का बुरा हाल है।
जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला अपने प्रेमी संग फरार हो गई। वह छह बच्चों की मां है। इन छह बच्चों में से उसने एक बेटी की शादी भी कर दी है। मामले में उसके पति ने भगवानपुर थाने में शनिवार को आवेदन देकर पत्नी की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है। उसने दावा किया है कि वह पत्नी की प्रेमी को पहचानता है, जिसके बारे में पुलिस को जानकारी दी है।
पति ने आवेदन में लिखा है कि उसकी पत्नी रविवार को अपने प्रेमी संग भाग गई। उसकी काफी तलाश की। लेकिन, वह कहां है इसके बारे में उसे पता नहीं चल सका। जब उसके मोबाइल फोन पर कॉल कर रहा हूं, तो वह रिसीव नहीं कर रही है। कॉल दूसरा व्यक्ति रिसीव कर रहा है। कॉल रिसीव करनेवाला व्यक्ति अनाप-शनाप बोलकर फोन डिस्कनेक्ट कर दे रहा है, जिससे पत्नी से उसकी बात नहीं हो पा रही है।
उसने बताया कि छह बच्चों में से एक बेटी की शादी हो गई है। अब पांच बच्चों की परवरिश की चिंता उसे सता रही है। बच्चों की मां के फरार होने का प्रतिकूल असर बच्चों के भविष्य पर पड़ेगा। उसकी पत्नी को झांसा देकर भगाया गया है।
उसने पत्नी को बरामद कर वापस कराने की गुहार पुलिस से लगाई है। उसने कहा है कि पत्नी को खोज कर ला दीजिए साहब नहीं तो बच्चों का क्या होगा। साथ ही पति ने उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर सजा दिलाने की गुहार लगाई है, ताकि भविष्य में वह ऐसी हरकत न कर सके।