
Seema Haider: मुंबई ट्रैफिक कंट्रोल रूम (Mumbai Traffic Control Room) को एक अज्ञात शख्स का फोन आया, जिसने पुलिस को 26/11 जैसे आतंकी हमले की चेतावनी दी है। फोन करने वाले ने कहा कि अगर अपने प्रेमी से शादी करने के लिए भारत पहुंची पाकिस्तानी महिला सीमा हैदर (Seema Haider) अपने देश नहीं लौटी तो भारत को ‘विनाश का सामना करना पड़ेगा।’ फोन करने वाले ने कहा, “अगर सीमा हैदर वापस नहीं आई, तो भारत का नाश होगा।” फोन करने वाले ने आगे कहा कि सभी को 26/11 मुंबई आतंकी घटना जैसे हमले के लिए तैयार रहना चाहिए। इसके लिए उत्तर प्रदेश सरकार जिम्मेदार होगी।
पुलिस ने बताया कि बुधवार देर रात आई कॉल के बाद मामले की तत्काल जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल मुंबई पुलिस और क्राइम ब्रांच इस घटना की जांच कर रही है। हालांकि मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम को अक्सर ऐसे कॉल आते रहते हैं, पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।
कौन है सीमा हैदर?
सीमा हैदर पाकिस्तान के सिंध प्रांत की रहने वाली हैं। 2014 में वह अपनी शादी के बाद कराची में बस गई थीं। सीमा को नेपाल के रास्ते बिना वीजा के भारत में अवैध रूप से प्रवेश करने के आरोप में 4 जुलाई को गिरफ्तार किया गया था।
27 वर्षीय महिला अपने चार बच्चों के साथ ग्रेटर नोएडा के रहने वाले अपने प्रेमी सचिन से मिलने भारत आई थी, जिससे उसकी मुलाकात ऑनलाइन गेम PUBG पर हुई थी। सचिन को अवैध अप्रवासियों को शरण देने के आरोप में भी जेल में डाल दिया गया था। हालांकि, बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया।
रिहा होने के बाद सचिन और सीमा अपने बच्चों के साथ रहने के लिए ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा इलाके में अपने माता-पिता के घर पहुंचे। उनका दावा है कि उन्होंने नेपाल में एक-दूसरे से शादी कर ली है। सीमा और सचिन 2019 में PUBG खेलते समय संपर्क में आए और अंततः इस हद तक करीब आ गए कि उन्होंने भारत में एक साथ रहने का फैसला किया। यह सब उनके पति गुलाम हैदर को नहीं पता था, क्योंकि वह सऊदी अरब में थे। सीमा के पति गुलाम हैदर ने एक वीडियो संदेश में भारत सरकार से आग्रह किया कि वह उन्हें अपनी पत्नी से मिलाने में मदद करें।