
देश की राजधानी दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा से एक अजीबोगरीब मामला प्रकाश में आया है। यहाँ सोमवार (26 जून) को एक युवक की शादी हुई थी। इसके बाद सुहागरात में दुल्हन के पेट में अचानक से दर्द उठने लगा, तो ससुराल वालों ने उसका मेडिकल चेकअप कराया।
यहां पता चला कि वो 7 महीने की गर्भवती है। इसके बाद दूल्हे पक्ष के पैरों तले जमीन खिसक गई। यही नहीं, सुहागरात के अगले ही दिन नई नवेली दुल्हन ने 7 महीने की बच्ची को जन्म भी दिया।
दरअसल, विगत सोमवार ग्रेटर नोएडा के थाना दनकौर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक गांव के युवक की शादी सिकंदराबाद की युवती से हुई थी। दुल्हन विदा होकर ससुराल आई, इसके बाद सुहागरात में अचानक उसके पेट में तेज दर्द होने लगा। जिससे घर वाले घबरा गए और आनन-फानन उसको दनकौर स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में ले गए।
यहां डॉक्टर ने उसका चेकअप किया। जिसमे पता चला कि वो 7 महीने की गर्भवती है। ये सुनकर ससुराल वालों को जैसे सांप सूंघ गया। वहीं, इसके अगले दिन उसने बच्ची को जन्म भी दे दिया। इसके बाद लड़के पक्ष के लोगों ने वधू पक्ष को खबर की और दुल्हन को रखने से इंकार कर दिया।
सूचना मिलने पर पहुंचे परिजन बेटी और मासूम बच्ची को अपने साथ वापस ले गए। हालांकि, इस मामले में अभी तक लड़के पक्ष की तरफ से पुलिस में कोई तहरीर नहीं दी गई है। बताया जा रहा है कि लड़की के परिवार वालों ने गर्भवती होने वाली बात लड़के वालों से छिपाई थी।
ये भी पता चला है कि लड़के पक्ष के लोगों को बताया गया था कि कुछ दिनों पहले लड़की का पथरी का ऑपरेशन हुआ था। इसके कारण उसका पेट हल्का सा फूला हुआ है। मामले में दनकौर थाना प्रभारी संजय सिंह ने कहा है कि पुलिस को इस घटना की सूचना मिली है। लेकिन, कोई शिकायत नहीं, लड़की पक्ष के लोग अपनी बेटी को साथ लेकर घर चले गए हैं।