
दुनिया का सबसे खूबसूरत एहसास प्यार है, जो व्यक्ति प्यार में होता है वो कभी नहीं देखता कि उसके पार्टनर की उम्र क्या है, वो किस जाति-धर्म का है या फिर उसके पास धन-दौलत कितनी है। फिनलैंड के एक युवक और युवती ने अजीबोगरीब फैसला लेते हुए शादी कर ली। ये रिश्ता इसलिए अजीब है क्योंकि दोनों रिश्ते में भाई-बहन लगते हैं!
डेली स्टार न्यूज वेबसाइट की रिपोर्ट के अनुसार 23 साल की मैटिल्डा एरिक्सन ने 27 साल के सैमुली से शादी कर ली। आपको लगेगा कि दो वयस्क लोग अगर शादी के बंधन में बंध रहे हैं तो इसमें गलत क्या है!
दरअसल, दोनों रिश्ते में भाई-बहन लगते हैं। मैटिल्डा की मां ने साल 2019 में दूसरे व्यक्ति से शादी कर ली थी। जिसके बाद वो आदमी मैटिल्डा का सौतेला पिता बन गया था।
जब मैटिल्डा की मां अपना 50वां जन्मदिन मना रही थीं, तब उनकी मुलाकात अपने सौतेले पिता के बेटे सैमुली से हुई जो रिश्ते में उनके सौतेले भाई थे। याहू न्यूज से बात करते हुए मैटिल्डा ने कहा कि दोनों मिलने के कुछ ही दिन बाद एक दूसरे से प्यार करने लगे थे और 2 हफ्ते में डेटिंग शुरू हो गई थी। इसके बाद दोनों एक साथ रहने लगे थे।
उन्होंने कहा कि उनके कुछ दोस्तों को ये आइडिया अच्छा नहीं लगा था क्योंकि जिसे वो भाई बोलती थीं, उसे ही वो बॉयफ्रेंड बनाने जा रही थीं। तब उनकी मां ने उन्हें सलाह दी कि मैटिल्डा को अपने दिल की बात सुननी चाहिए, फिर अपने आप सब कुछ जीवन में सही हो जाएगा।
मैटिल्डा ने बताया कि बस मां की इसी सलाह की वजह से उन्होंने सैमुली से शादी का निर्णय भी ले लिया। उन्होंने गूगल पर इस बारे में भी खोजा कि अगर वो अपने सौतेले भाई से शादी करती हैं तो क्या किसी तरह की कानूनी परेशानी को उन्हें सामना करना पड़ेगा या नहीं। उनके एक लॉ स्टूडेंट दोस्त ने भी इस समस्या को दूर कर उन्हें बताया कि वो आसानी से अपने सौतेले भाई से शादी कर सकती हैं। शादी के बाद अब दोनों परिवार आगे बढ़ाने के बारे में भी सोच रहे हैं।