
बिहार पुलिस ने नकली नोट छापने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। बिहार की राजधानी पटना में बिहार पब्लिक सर्विस कमीशन (BPSC) की तैयारी कर रहे छात्र नकली नोट छाप रहे थे।
लेकिन इसी दौरान पुलिस उनके अपार्टमेंट में पहुंच गई। मामला पटना के श्रीकृष्णपुरी थाना क्षेत्र के आनंदपुर इलाके का है। यहीं पर राजाराम अपार्टमेंट स्थित है, जहां पर एक फ्लैट में पुलिस ने छापा मारा था।
पुलिस को 1 लाख 77 हजार रुपए के नकली नोट मिले हैं। ये सभी नोट 500 और 200 रुपए के हैं। वहीं नकली नोटों के साथ पुलिस प्रशासन को शराब की कई बोतल मिली है। बताया जाता है कि यहां पर अवैध शराब का भी धंधा चल रहा था। बताया जाता है कि छात्रों ने और नकली नोट बना रखे थे, लेकिन वह उसको काटने वाले थे, तभी पुलिस पहुंच गई और उन्होंने छात्रों को गिरफ्तार कर लिया।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की थी। इसके अलावा पुलिस ने 2 छात्रों को गिरफ्तार किया है। यह दोनों ही छात्र बिहार पब्लिक सर्विस कमीशन की तैयारी कर रहे थे।
जैसे ही दोनों को पता चला कि पुलिस ने अपार्टमेंट में छापा मारा, इस दौरान वह अपार्टमेंट से नीचे कूद गए। दोनों आरोपियों को चोट भी लग गई। पुलिस ने उन्हें नीचे पकड़ लिया और गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान दोनों ने बताया कि वह बिहार पब्लिक सर्विस कमीशन की तैयारी कर रहे हैं। पुलिस पूछताछ के दौरान यह पता करने की कोशिश रही है कि इस गिरोह में कितने और लोग शामिल हैं।