डांसर सपना चौधरी (Sapna Chaudhary Dancer) शनिवार को पलवल के महिला थाने में पेश हुईं। उनके साथ उनकी मां और भाई भी महिला थाने में पेश हुए हैं। तीनों ने अपने बयान दर्ज कराए हैं। दरअसल, सपना, उनकी मां और भाई के खिलाफ उनकी भाभी ने दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज करवाया है। जिसमें महिला थाना पुलिस जांच कर रही है। सपना और उनकी मां के खिलाफ जांच पूरी हो गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस फिर से दोनों को बयान दर्ज कराने नहीं बुलाएगी। दूसरी तरफ कोर्ट में केस चलता रहेगा। उनके भाई के खिलाफ पुलिस जांच चलती रहेगी। पुलिस ने बताया कि इस मामले में जल्दी रिपोर्ट अदालत में पेश की जाएगी।
क्या है मामला
सपना चौधरी, उनकी मां नीलम और भाई करण सिंह पर महिला थाने में दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज करवाया गया है। सपना चौधरी की भाभी और करण सिंह की पत्नी ने 25 जनवरी को केस दर्ज कराया था। डीएसपी सतेंद्र ने बताया कि सपना चौधरी, उनकी मां और शिकायतकर्ता को जांच में शामिल होने के लिए नोटिस भेजा गया था। नोटिस के आधार पर दोनों पक्ष महिला थाने में पेश हुए हैं। बयान दर्ज करवाए गए हैं। अब जल्द ही कोर्ट में चालान पेश किया जाएगा।