बांदा: उत्तरप्रदेश के बांदा जिले में एक अलग तरह की ही प्रेम कहानी देखने को मिली है। यहां एक प्रेमी को चोर समझकर ऐसी पिटाई कर दी गई है कि अब वो अस्पताल में पड़ा हुआ है। जो युवक प्रेमिका के घर प्यार पाने के लिए पहुंचा था, अब वो डॉक्टरों और दवाईयों के सहारे जिंदा है।
क्या है मामला।
दरअसल मामला बिसंडा थाना क्षेत्र का है। यहां एक लड़का डीजे बजाने का काम करता था। उसकी प्रेमिका भी उसी इलाके में रहती थी। एक रात जब वो डीजे बजाकर वापस घर लौट रहा था, तब उसकी प्रेमिका का फोन आया कि उसके घर पर कोई नहीं है, वो आ जाए। उसके लिए वो गिफ्ट लेकर आई है।
और हो गया खेल।
फोन आने के बाद लड़का, अपनी प्रेमिका के घर पहुंचा। यहां वो घर में घुस ही रहा था कि प्रेमिका के घर वाले आ गए। उन्होंने लड़के को घर में घुसते हुए देख लिया। उन्हें लगा कि वो चोर है और उसे पकड़कर पिटाई शुरू कर दी। पहले तो लात-घूसों की बरसात हुई फिर लाठी-डंडे से भी पिटाई होने लगी। हाल ये हुआ कि जो लड़का, अपनी प्रेमिका के पास प्यार पाने के लिए पहुंचा था, उसे जान बचाने के लाले पड़ गए। किसी तरह से पड़ोसियों की मदद से उसकी जान बच पाई।
अस्पताल में हो रहा इलाज।
लड़के को इतनी मार पड़ी कि वो खून से लथपथ हो गया। किसी तरह से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, उसके परिवार वालों को बुलाया गया। फिलहाल उसका इलाज जारी है। दोनों ही परिवार वालों का अलग-अलग आरोप है। इस मामले की शिकायत पुलिस तक भी पहुंच गई है। दोनों ही परिवारों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है।