लखनऊ: प्रदेश की राजधानी में शादी समारोह के दौरान खलबली मच गई। दरअसल वरमाला पहनाते ही दुल्हन की मौत हो गई। इस घटना के बाद खुशियां मातम में बदल गई।
दुल्हन की मौत के बाद उनके परिजनों का रो रोकर बुरा हाल हो गया है। वहीं, दुल्हन की मौत के बाद दूल्हा भी बेहद सदमे में है।
मिली जानकारी के अनुसार मामला मलिहाबाद क्षेत्र के भदवाना गांव का है। यहां रहने वाले राजपाल की बेटी शिवांगी की शादी का आयोजन चल रहा था। शादी में शामिल सभी लोगों के चेहरे पर खुशियां थीं। लोगों ने खाना खाया और स्टेज के पास वरमाला की रस्म देखने पहुंचे। दूल्हा-दुल्हन स्टेज पर एक दूसरे के सामने खड़े थे। दूल्हे विवेक ने दुल्हन शिवांगी को वरमाला पहनाई। इसके बाद बारी थी शिवांगी की। शिवांगी ने जैसे ही विवेक को वरमाला पहनाई, वह स्टेज पर गिर गई।
आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर ने बताया कि शिवांगी की मौत हार्ट अटैक आने से हुई है। उधर दुल्हन की मौत की खबर सुनते ही सभी लोगों के होश उड़ गए।
शादी समारोह में जिन लोगों के चेहरों पर खुशियां छाईं थीं, उनकी खुशियां मातम में बदल गईं। इस दुखद घटना से मां कमलेश कुमारी, छोटी बहन सोनम और भाई अमित सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दूल्हा विवेक भी दुल्हन की मौत से सदमे में है।