दिल्ली। श्रद्धा हत्याकांड का आरोपी आफताब पूनावाला दिल्ली पुलिस की आंखों में लगातार धूल झोंक रहा है। वो तरह-तरह के पैंतरे दिखा रहा है, बयान बदल-बदलकर दिल्ली पुलिस को गुमराह कर रहा है। इस बीच आजतक के हाथ श्रद्धा की एक्सक्लूसिव तस्वीर लगी है।
सूत्रों के मुताबिक, यह तस्वीर उस वक्त की है, जब साल 2020 में श्रद्धा को आफताब ने पीटा था। इसके बाद श्रद्धा 3 दिन अस्पताल में भर्ती रही थी। तस्वीर में आप देख सकते हैं कि श्रद्धा के चेहरे पर जख्म के निशान हैं। दोस्तों के समझ से परे है कि श्रद्धा ने आफताब की ज्यादती और जुल्म इतने दिनों तक क्यों सहा?
श्रद्धा से अक्सर लड़ाई करता था आफताब
श्रद्धा मर्डर केस में दिल्ली से मुंबई तक जांच जारी है। इस बीच पता चला है कि मुंबई में किराये पर फ्लैट लेते समय आफताब और श्रद्धा ने खुद को पति-पत्नी बताकर रेंट एग्रिमेंट बनवाया था।
फ्लैट मालिक जयश्री पाटकर के मुताबिक, दोनों के बीच बहुत झगड़ा होता था, दोनों बिल्डिंग के नीचे भी लड़ते रहते थे। सोसायटी के लोग आफताब और श्रद्धा की लड़ाईयों से वाकिफ थे।