औरैया: उत्तर प्रदेश के औरैया में शनिवार (12 नवंबर) की देर रात बर्थ-डे पार्टी में हर्ष फायरिंग के दौरान 18 साल के लड़के की गोली लगने की वजह से मौत हो गई। यह, मामला सदर कोतवाली क्षेत्र की बाल्मीकि बस्ती का है।
यहां एक घर में 6 वर्षीय बच्चे की बर्थ-डे पार्टी हो रही थी। उसी दौरान पार्टी में कुछ युवकों ने हर्ष फायरिंग कर दी। जिसमें से एक गोली जाकर देव कुमार के पेट में लग गई।
गोली लगने से देव गंभीर रूप से जख्मी हो गया। परिजन फौरन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, गोलीबारी करने वाले युवक मौके से भाग निकले। मौके पर पहुंची पुलिस अधीक्षक (SP) चारू निगम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों ने पुलिस को बताया कि बर्थ-डे वाले घर में नीचे रूम में केक काटा जा रहा था। वहीं, ऊपर वाले रूम में चार-पांच लोग शराब पी रहे थे। इसी दौरान हर्ष फायरिंग की गई और एक गोली देव कुमार को लग गई। गोली चलने की आवाज सुनकर वहां मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और घायल देव को जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल मामले की छानबीन जारी है।