सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले मे स्टार पेपर मिल में बीते मंगलवार की देर रात भीषण आग लग गई। इस हादसे मे दो कर्मचारी जिंदा जल गए। वहीं 3 कर्मचारी अभी भी लापता है।
मिली जानकारी के मुताबिक, पेपर मिल के कागज और गत्तों की वजह से फैली आग ने इतना भयंकर रूप ले लिया कि किसी को हादसे के दौरान संभलने का मौका ही नही मिल सका। जिन दो कर्मचारियों की इस हादसे मे मौत हो गई है वह कागज के बंडलों के बीच सोए हुए थे। हादसे की सूचना मिलने के करीब 1 घंटे के बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची। वहीं सुबह 8 बजे ये दावा किया गया कि मिल मे लगी आग पर काबू पा लिया गया है। लेकिन कागज तैयार करने वाले रॉ मैटेरियल में बार-बार आग भड़क रही थी।
एक कर्मचारी की नही हो सकी पहचान।
पेपर मिल मे लगी आग की लपटें 2 किमी. दूर से देखी गई है। यूपी के इस बड़े पेपर मिल मे कर्मचारी 24 घंटे काम करते है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस हादसे के दौरान मिल के अंदर करीब 200 लोग मौजूद थे। आग लगने के बाद मिल के अंदर भगदड़ जैसे हालात बन गए थे। वहीं करीब 9 बजे के आसपास कागज के जले बंडलों के बीच दो कर्मचारियों की लाश मिली। एक कर्मचारी निजी कंपनी के अनुबंध पर मिल मे काम कर रहा था। उस कर्मचारी की पहचान लाल बहादुर मंडल के तौर पर हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक कर्मचारी स्टार पेपर मिल की कॉलोनी मे रहता था। वहीं दूसरे कर्मचारी की अभी पहचान नही हो सकी है। बता दें कि पेपर मिल सदर बाजार इलाके मे है।
मामले की होगी जांच।
इस पेपर मिल का एरिया करीब 200 बीघा से ज्यादा का है। बता दें कि मिल प्रबंधन मे बाउंड्रीवॉल के अंदर ही कर्मचारियों की कॉलोनी, अस्पताल जैसी सुविधाएं मुहैया कराई थी। बिना अनुमति के मिल के अंदर किसी को नही जाने दिया जाता है। इस हादसे मे मरने वाले और घायल कर्मचारियों को परिसर के अंदर मौजूद अस्पताल मे रखा गया है। कर्मचारियों के परिजन भी पेपर मिल कॉलोनी मे रहते है। हालांकि आग कैसे लगी है। इसका जानकारी अभी तक नही हो पाई है। कर्मचारी की गलती से आग लगी है या फिर शार्ट सर्किट की वजह से, इस मामले की जांच की जाएगी। बता दें कि इस हादसे के कुछ ही घंटों बाद ही शासन द्वारा यूपी के सीएफओ के तबादले की लिस्ट जारी कर दी गई है। इस दौरान सहारनपुर के सीएफओ तेजवीर सिंह का भी तबादला कर दिया गया है।