चीन में एक बार फिर से कोरोना वायरस की वापसी हो गई हैं। चीन के शहर वुहान से कोरोना की शुरुआत हुई थी। अब तीन साल बाद शहर में एक बार फिर से कोरोना कहर बरपाने लगा है। कोरोना की वजह से हालात इतने खराब हो चुके हैं कि प्रशासन को एक बार फिर से पूरे शहर में लॉकडाउन लगाना पड़ा है। इसकी वजह से तकरीबन 8 लाख लोग घरों में कैद होकर रह गए हैं।
चीन में गुरुवार को कोरोना वायरस के 1000 से अधिक मामले सामने आए। ये लगातार तीसरा दिन रहा, जब देशभर में एक हजार से अधिक नए मामले सामने आए हैं। वुहान से उत्तर पश्चिम में कई शहरों में कोरोना के मामले एक बार फिर सामने आने के बाद लॉकडाउन लगा दिया गया है। इन इलाकों में इमारतों को सील किया जा रहा है।
30 अक्टूबर तक लगा लॉकडाउन
वुहान में बीते 14 दिनों में कोरोना के 240 मामले सामने आए। जिसके चलते प्रशासन ने 30 अक्टूबर तक लॉकडाउन लागू कर दिया है। लोगों को घरों में ही रहने के आदेश जारी किए गए हैं।