उत्तर प्रदेश के जिले पीलीभीत मे आसमान से एक मकान के ऊपर रहस्यमई पत्थर गिरने का मामला सामने आया है। इस पत्थर को लेकर पूरे इलाके मे चर्चा हो रही है, लोग तरह-तरह की बातें कर रहे है।
मकान के मालिक का दावा है कि उनके घर के ऊपर उल्का पिंड गिरा है और आसमान से गिरने के बाद काफी देर तक पत्थर को छूने पर गरम महसूस हुआ। अचानक से पत्थर गिरने से मकान का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया है। फिलहाल अब इलाके के लोग अंधविश्वास के चलते पत्थर की पूजा करने मे जुटे है।
प्रशासनिक अफसरों को दी थी सूचना।
जानकारी के अनुसार यह मामला शहर के इनायत गंज मोहल्ले का है। इस इलाके के निवासी सुनील गुप्ता बैंक के रिटायर्ड कर्मचारी है। इन्हीं के मकान मे रात करीब एक बजे आसमान से तेज धमाके के साथ बमनुमा आकार का (धातु टुकड़ा) हिस्सा गिरने से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। सुनील गुप्ता का कहना है कि मंगलवार को सुबह जब उन्होंने छत पर जाकर देखा तो एक विशालकाय पत्थर उनकी छत पर पड़ा था। इस पूरे मामले की सूचना उन्होंने प्रशासनिक अफसरों को भी दी लेकिन मौके पर कोई नही पहुंचा।
लोगों ने पत्थर की शुरू कर दी पूजा।
आसमान से गिरी वस्तु की आवाज इतनी तेज थी कि पूरे मोहल्ले वासियों को धमाका सुनाई दिया। इतना ही नही आसमान से गिरा यह पिंड सात घंटे बाद भी काफी गरम था। इसके गिरने से घर की दीवार भी चटक गई और लोहे की चादर भी टेड़ी हो गई। दूसरी ओर अंतरिक्ष से पत्थर गिरने की सूचना इलाके मे फैलते ही लोगों मे अंधविश्वास शुरू हो गया। इसी के चलते इलाके के लोग सुनील गुप्ता की छत पर जाकर एकत्र हो गए और पत्थर के सामने माथा टेकने लगे। एक तरफ मकान स्वामी रहस्यमयी पत्थर को उल्कापिंड बता रहे है तो वहीं दूसरी तरफ इलाके के लोग पत्थर की पूजा करने मे जुटे है।